
घोसी,मऊ। घोसी में ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत बुधवार को थाना परिसर में खड़े 20 लावारिस और जर्जर वाहनों की नीलामी की गई। ये वाहन लंबे समय से परिसर में पड़े थे और धूप, गर्मी व बारिश के कारण खराब हो रहे थे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, वाहन मालिकों द्वारा अपने वाहन वापस न ले जाने पर उनके प्रार्थना पत्रों के आधार पर संभागीय परिवहन अधिकारी से इन वाहनों का मूल्यांकन कराया गया था। विभाग ने सभी 20 वाहनों की कुल कीमत 60,700 रुपए निर्धारित की थी। घोसी के उपजिलाधिकारी के आदेश पर नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह और अपराध निरीक्षक मोतीलाल पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नीलामी प्रक्रिया में मऊ, वाराणसी, गाजीपुर, मिर्जापुर और आजमगढ़ से कुल 21 टेंडर धारकों ने भाग लिया। सभी वाहनों के लिए अलग-अलग बोली लगाई गई। ओम साईं ट्रेडर्स के स्वामी चंद गुप्ता ने सबसे अधिक 69,650 रुपए की बोली लगाकर सभी 20 वाहनों को खरीद लिया।
नायब तहसीलदार अभिषेक वर्मा ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर पड़े अनुपयोगी वाहनों का समयबद्ध निस्तारण कर व्यवस्था को बेहतर बनाना है। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि ऑपरेशन क्लीन के तहत आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे थाना परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।
पुलिस ने बताया कि नीलामी से प्राप्त राशि पर 18 प्रतिशत जीएसटी जमा करने के बाद, शेष राशि नियमानुसार राजकोष में जमा कराई जाएगी। इस कार्रवाई से थाना परिसर में पड़े अनुपयोगी वाहनों का निस्तारण हो गया है जिससे परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ है।










