
6 सितम्बर को मऊ में होगा PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेल
प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया एवं जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने बैठक कर दी कार्यक्रम की जानकारी
मऊ। आगामी 6 सितम्बर 2026 को मऊ में आयोजित होने वाले PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सम्मेलन की तैयारियों, उद्देश्य एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया एवं मऊ जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने संयुक्त रूप से बैठक कर पत्रकारों को विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने बताया कि आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, मऊ एवं बलिया जनपदों से बड़ी संख्या में व्यापारी एवं वैश्य समाज के लोग सम्मेलन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं, उनके अधिकार, सम्मान एवं राजनीतिक भागीदारी से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि PDA के सिद्धांतों के तहत व्यापारी समाज को संगठित कर उसकी आवाज को मजबूती प्रदान करना सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य है। सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए मंडल के तीनों जनपदों में लगातार बैठकें, जनसंपर्क एवं संगठनात्मक तैयारियां की जा रही हैं।
मऊ जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा अधिक से अधिक व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण PDA व्यापारी मंडलीय सम्मेलन के मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आजमगढ़ मंडल के समस्त व्यापारी भाइयों, वैश्य समाज तथा समाजवादी पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल एवं ऐतिहासिक बनाने की अपील की गई।
6 सितम्बर को मऊ चले—व्यापारी एकता की आवाज बुलंद करें।











