
गोरखपुर. साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच थाना चिलुआताल की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग साइबर अपराध मामलों में पीड़ितों की कुल 31,500 रुपये की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत मिली है।
साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह के नेतृत्व में की गई।
चिलुआताल थाने की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की। टीम के प्रयासों से पांच शिकायतकर्ताओं की कुल ₹31,500 की धनराशि वापस कराई गई।
पांच मामलों में इस तरह वापस कराई गई धनराशि
पहला मामला: खरीदारी के दौरान आवेदिका से देय राशि से अधिक भुगतान हो गया था। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए ₹3,900 वापस कराए गए।
दूसरा मामला: आवेदक के पुत्र द्वारा ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान धनराशि हार जाने की शिकायत की गई थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद ₹7,000 वापस कराए गए।
तीसरा मामला: साइबर जालसाजों ने मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कराकर धोखाधड़ी की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पीड़ित के ₹5,000 वापस कराए गए।
चौथा मामला: जालसाज ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित को डराया-धमकाया और उससे धनराशि ले ली थी। इस मामले में पुलिस के प्रयास से ₹10,000 वापस कराए गए।
पांचवां मामला: मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल कराकर साइबर फ्रॉड किया गया था। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पीड़ित के ₹5,600 वापस कराए गए।
इस प्रकार चिलुआताल साइबर हेल्पडेस्क टीम ने पांच अलग-अलग शिकायतों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की कुल ₹31,500 की धनराशि वापस कराई।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
– सूरज सिंह, थानाध्यक्ष, थाना चिलुआताल।
– उ0नि0 सच्चिदानन्द पाण्डेय, साइबर नोडल अधिकारी, थाना चिलुआताल।
– उ0नि0 अन्जना कुश्वाहा, थाना चिलुआताल।
– आरक्षी पंकज पाण्डेय, थाना चिलुआताल।
– आरक्षी विवेक चौरसिया, थाना चिलुआताल











