
गोरखपुर. उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ, गोरखपुर क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश संगठन द्वारा निर्धारित आंदोलनात्मक कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में गोरखपुर क्षेत्र के विभिन्न डिपो एवं शाखाओं के अध्यक्ष-मंत्री तथा कार्यसमिति सदस्य शामिल हुए। पदाधिकारियों ने आंदोलन को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया।
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 10 सितंबर को सभी डिपो में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 16 सितंबर को दोपहर दो बजे क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, गोरखपुर में कार्यक्रम आयोजित कर प्रबंध निदेशक को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन के तीसरे चरण में 21 सितंबर को गोरखपुर क्षेत्र के कर्मचारी लखनऊ के कैसरबाग बस स्टेशन पहुंचेंगे। वहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए परिवहन निगम मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन में भाग लेंगे।
संघ की ओर से बताया गया कि इन कार्यक्रमों के संबंध में 7 सितंबर को क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, गोरखपुर क्षेत्र को पत्र भी प्रेषित किया जा चुका है। बैठक में 17 सूत्रीय मांग पत्र को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नायक ने की। इस दौरान क्षेत्रीय कार्याध्यक्ष चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, अमिय कुमार श्रीवास्तव, आदर्श यादव, ओम प्रकाश आर्या, रमेश सिंह, जरीन फातमा, विवेक कुमार यादव, धनंजय मिश्रा, जय प्रकाश शाही सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रांतीय संगठन मंत्री अरुण कुमार सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। संचालन क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र विक्रम सिंह ने किया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों ने निर्धारित आंदोलनात्मक कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।











