
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना, तहसील क्षेत्र में शनिवार को तेज हवा और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से नुकसान हुआ। देवकली देवला निवासी राम लखन राजभर एवं राम जन्म राजभर के मकान के ऊपर तेज हवा के कारण पेड़ टूटकर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि नीचे बंधी भैंस भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल राजेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का जायजा लिया और दैवीय आपदा से संबंधित क्षति की रिपोर्ट सुधांशु शेखर को उपलब्ध कराई।
इसी क्रम में कोतवाली क्षेत्र के अतरारी गांव निवासी जनार्दन शर्मा के मकान के ऊपर लगा पेड़ भी तेज हवा के कारण टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने से मकान को क्षति पहुंची। घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस एवं तहसील प्रशासन को इसकी सूचना दी।
लगातार तेज हवा और बारिश के कारण क्षेत्र में पेड़ गिरने तथा मकानों को नुकसान पहुंचने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।











