
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना, कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार सुधांशु शेखर ने की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों का निस्तारण गुणवत्ता एवं सत्यता के साथ करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी मामले राजस्व विभाग से संबंधित होने के कारण किसी भी प्रकरण का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। तहसीलदार ने संबंधित राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए दो दिन के अंदर मामलों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम कोटिया निवासी नीरज पुत्र रामप्रवेश ने मकान निर्माण में दूसरे पक्ष द्वारा अवरोध उत्पन्न किए जाने की शिकायत की। वहीं नसोपुर निवासी अनवर खान पुत्र अमजद अली ने सार्वजनिक रास्ते पर पानी बहाए जाने की समस्या को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। अन्य फरियादियों ने भी राजस्व संबंधी समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं।
तहसीलदार सुधांशु शेखर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर पहुंचकर जांच एवं सत्यता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समाधान दिवस में प्रभारी निरीक्षक समेत राजस्व विभाग के राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।











