
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के तुलसीपुर कुढ़वा, बंदीकला निवासी संजीव कुमार की मलेशिया में इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार तड़के उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति का शव देखते ही पत्नी नीलम देवी अपने दो बच्चों के साथ दहाड़ें मारकर रोने लगीं। वहीं बड़े भाई डॉ. रामू सहित परिवार के अन्य सदस्यों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
संजीव कुमार मलेशिया में नौकरी करते थे। इलाज के दौरान उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए घोसी सांसद राजीव राय से मदद की गुहार लगाई। परिजनों द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों के आधार पर सांसद ने विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग, कुआलालंपुर से संपर्क कर पार्थिव शरीर भारत लाने में सहयोग का अनुरोध किया।
भारतीय उच्चायोग की ओर से जारी पत्र के अनुसार संजीव कुमार का पार्थिव शरीर 24 सितंबर को मलेशिया से एयर इंडिया की फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचा। इसके बाद दिल्ली से पार्थिव शरीर को लखनऊ भेजा गया। शनिवार सुबह करीब चार बजे एंबुलेंस से पार्थिव शरीर गांव पहुंचा।
शव के गांव पहुंचते ही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, संभ्रांत नागरिक तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। सुबह से हो रही लगातार बारिश के बीच लोग भीगते हुए संजीव कुमार के अंतिम दर्शन करते नजर आए। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए दोहरीघाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
सांसद राजीव राय ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए संजीव कुमार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं और हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
संजीव कुमार की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पूर्व प्रत्याशी डॉ. धर्म सिंह गौतम, डॉ. प्रेमचंद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामप्रकाश यादव, महाप्रधान रामदरस यादव, प्रधान अप्पू यादव, प्रकाश यादव, दुलारे, छोटू, सुरेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में रिश्तेदार, मित्र और राजनीतिक कार्यकर्ता गांव पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।











