
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के बनियापार में वर्षों से लगने वाले प्राचीन ऐतिहासिक मेले की जमीन पर किए गए

अतिक्रमण को शुक्रवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटा दिया। जमीन खाली होने के बाद क्षेत्रीय लोगों और श्री दशहरा रामलीला कमेटी के सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई। बताते चलें कि मेले की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर बाउंड्री बना दी गई थी। इसे लेकर श्री दशहरा रामलीला कमेटी बनियापार की ओर से पहल करते हुए गुरुवार को 21 सदस्यों के साथ श्री दशहरा रामलीला कमेटी धर्मार्थ ट्रस्ट के नाम से पंजीकरण कराया गया। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासन, रामलीला कमेटी और कब्जाधारकों की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें कब्जा किए लोगों ने जमीन को स्वतः खाली करने पर सहमति जताई। सूचना पर उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, तहसीलदार सुधांशु शेखर, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, कोतवाल कमलकांत वर्मा सहित राजस्व विभाग के लेखपाल, कानूनगो और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सहमति के बाद प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर बाउंड्री समेत अतिक्रमण को हटा दिया। श्री दशहरा रामलीला कमेटी बनियापार के अध्यक्ष छोटू प्रसाद ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा पर्व पर रावण के पुतले का दहन और रामलीला का आयोजन किया जाएगा। जमीन से अतिक्रमण हटने के बाद आयोजन को लेकर तैयारियां सुचारु रूप से आगे बढ़ सकेंगी। प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों ने भी राहत जताई।











