
मऊ: मोहम्मदाबाद गोहना, आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री और पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह ने मोहम्मदाबाद गोहना तथा रानीपुर ब्लॉक पहुंचकर मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मतदान कक्षों में विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने के साथ ही पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासन का उद्देश्य मतदान के दिन सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराना है।
बताया गया कि मोहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दोनों ब्लॉकों में कुल 5,078 मतदाता स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के दौरान अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।











