
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के तहत मोहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े करहां सहित चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं।
स्वास्थ्य मेले में सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, टाइफाइड, मलेरिया और मधुमेह सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचे। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या भी देखने को मिली। चारों स्वास्थ्य केंद्रों को मिलाकर कुल 194 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं।
इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. फैयाज अहमद ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहें और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने मौसम में बदलाव को देखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील भी की।
स्वास्थ्य मेले में डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय चौहान, डॉ. बलवंत सहित फार्मासिस्ट सरोज यादव, सूबेदार सरोज, रितेश कुमार राय, उपासना राय तथा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात एएनएम और स्टाफ नर्सों ने अपनी सेवाएं दीं।
स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।











