
केपी इंटर कालेज के छात्र दुर्गेश ने हाईस्कूल में किया जिला टॉप
भरुआ सुमेरपुर। मेहनत और लगन के दम पर राज मिस्त्री के पुत्र दुर्गेश प्रजापति ने हाईस्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 94.83 फीसदी अंक हासिल कर जिले में टॉप किया है। उसकी इस उपलब्धि से जहां केपी इंटर कॉलेज का नाम रोशन हुआ है, वहीं परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से कुरारा क्षेत्र के खरौंज गांव निवासी दुर्गेश का परिवार रोजी-रोटी की तलाश में कस्बे में आकर रहने लगा था। आर्थिक तंगी के बावजूद दुर्गेश ने पढ़ाई से कभी समझौता नहीं किया। उसके पिता राज मिस्त्री का काम करते हैं, जबकि मां नेहा सिलाई कर परिवार की आय में सहयोग करती हैं।
दुर्गेश की इस सफलता ने साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां भी हौसलों को नहीं रोक सकतीं। उसकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है और शिक्षक भी उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
दुर्गेश का कहना है कि वह आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए यूपीएससी परीक्षा में शामिल होकर देश सेवा करना चाहता है। विद्यालय के प्रबंधक राजेश शिवहरे ने जिला टॉप छात्र को बधाई देते हुए आशीर्वाद दिया।










