
हमीरपुर से बड़ी खबर:
विकासखंड भरुआ सुमेरपुर के अंतर्गत ग्राम टेढ़ा स्थित गल्ला मंडी में किसानों की बड़ी परेशानी सामने आई है। यहां पचखुरा क्षेत्रीय सहकारी समिति द्वारा की जा रही सरकारी खरीद में भारी लापरवाही के चलते किसानों का गेहूं पिछले करीब एक महीने से खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है।
बुधवार को हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। बारिश के कारण मंडी में रखा लगभग 30 प्रतिशत गेहूं पानी में भीगकर जलमग्न हो गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। मेहनत की फसल खराब होते देख किसान बेहद चिंतित और आक्रोशित हैं।
स्थानीय किसानों—राजेंद्र यादव, राजा बाबू तिवारी, मुन्नू तिवारी, अंबिका तिवारी, महेंद्र सिंह, सुनील गांधी, विजय यादव, बच्ची यादव, अन्नू रैदास, मंजू देवी त्रिपाठी, राजू पांडे, आशाराम यादव समेत दर्जनों लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
किसानों का कहना है कि अगर समय पर गेहूं की खरीद कर ली जाती, तो आज यह नुकसान नहीं होता। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि दोनों गांवों के लिए अलग-अलग तौल कांटे (वेटिंग मशीन) लगाए जाएं, ताकि खरीद प्रक्रिया तेज हो सके और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
किसानों की मांग:
- जल्द से जल्द गेहूं की खरीद शुरू की जाए
- अलग-अलग तौल कांटे लगाए जाएं
- नुकसान का मुआवजा दिया जाए
फिलहाल किसानों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि उन्हें कब राहत मिलती है।










