
मऊ। मोबाइल हैक होने का झांसा देकर बड़राव निवासी गिरीश चंद्र राय से हुई साइबर ठगी के मामले में थाना घोसी की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2.04 लाख रुपये वापस करा दिए। पीड़ित से कुल 2 लाख 33 हजार 613 रुपये की ठगी की गई थी। मामले में पीड़ित ने 18 सितंबर को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत मिलते ही साइबर टीम सक्रिय हुई और कार्रवाई करते हुए फ्रॉड की धनराशि को संबंधित खातों में होल्ड कराया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2 अक्टूबर को 2 लाख 4 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध रोकथाम अभियान के तहत यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय और अपराध निरीक्षक के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में थाना घोसी की साइबर टीम के नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह, सहायक नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक दिनेश यादव, हेड ऑपरेटर अरविंद यादव, महिला आरक्षी पुष्पलता पांडेय और महिला आरक्षी रूपा सिंह की भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।











