
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के दिशा-निर्देशन में रविवार को मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टेकई और हिंडोला में बेटी-बहू सम्मेलन के तहत एंटी रोमियो स्क्वायड ने महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। यह अभियान थानाध्यक्ष कमलकांत वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चियों को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की जानकारी दी। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए 102 तथा आपातकालीन एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में भी बताया गया।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना डर के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे समाज की निडर प्रहरी हैं। उन्हें जागरूक रहकर समाज में अच्छे कार्य करने चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव आए और लोग उनके कार्यों की सराहना करें।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया, महिला उपनिरीक्षक शालिनी मौर्य सहित अन्य महिला उपनिरीक्षक और महिला कांस्टेबल मौजूद रहीं।











