
मोहम्मदाबाद गोहना में 46 स्थानों पर स्थापित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं, सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट
मऊ मोहम्मदाबाद गोहना। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मोहम्मदाबाद गोहना कस्बे सहित कोतवाली क्षेत्र में मां दुर्गा की कुल 46 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। वहीं, कस्बे में पांच प्रमुख स्थानों विजय स्तंभ चौक, तमसा नदी तट, मुख्य बाजार, कैलेंडर तिराहा और स्टेशन रोड पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
शनिवार की रात मां दुर्गा के पट खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन किए और जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी कमलकांत वर्मा सहित महिला पुलिसकर्मी एवं पीएसी के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने मूर्ति आयोजकों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने आयोजकों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन और पुलिस सदैव उनके साथ है। साथ ही त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।











