निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 230 मरीजों का परीक्षण, हड्डी रोगों के प्रति किया जागरूक
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय ब्लॉक के ग्राम सुरूरपुर स्थित आध्या फार्मेसी पर रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश कुमार सरोज ने ब्लॉक क्षेत्र, कस्बे तथा अन्य जनपदों से आए मरीजों की बीएमडी मशीन से जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाएं वितरित कीं।डॉ. सरोज ने बताया कि शिविर में कुल 230 मरीजों का परीक्षण किया गया, जिनमें अधिकांश मरीज कमर दर्द, जोड़ों के दर्द, साइटिका एवं गठिया जैसी समस्याओं से पीड़ित पाए गए। उन्होंने मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि दवाओं के साथ नियमित योग और व्यायाम भी आवश्यक है। गठिया रोगियों को खान-पान में विशेष सावधानी बरतने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का नियमित सेवन करने की सलाह दी।उन्होंने बताया कि विटामिन-सी एवं विटामिन-डी की कमी के कारण भी जोड़ों और कमर दर्द की समस्या बढ़ रही है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समय-समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच कराकर उचित उपचार कराना चाहिए।शिविर में डॉ. राहुल कुमार सरोज, डॉ. भानु प्रताप, मनोज कुमार, बलवंत सिंह, रामदुलार, सुमित कुमार सहित फार्मेसी से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।











