मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। मऊ से चिरैयाकोट की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दो बच्चों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बांस की कोठी में जा घुसी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि वाहन सवार लोगों को मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे स्कॉर्पियो मऊ से चिरैयाकोट होते हुए रानीपुर की ओर जा रही थी। मिर्जाहाजीपुरा-सुल्तानीपुर मार्ग पर ग्रामसभा भरूकवा के पास अचानक दो छोटे बच्चे सड़क पर आ गए। बच्चों को सामने देखकर चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन मोड़ने और ब्रेक लगाने का प्रयास किया। तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित बांस के घने झुरमुट में जा घुसा।
टक्कर की वजह से कई बांस टूट गए तथा स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक की सूझबूझ से दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए बांस की कोठी में फंसे वाहन के दरवाजे खोलकर उसमें सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वाहन में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सभी के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।











