मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)।
मोहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संचालित 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाएं मोहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग पर बैरियर लगाए जाने के कारण प्रभावित हो रही हैं। बैरियर लगने से एंबुलेंस इस मार्ग से आवागमन नहीं कर पा रही हैं, जिससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस समस्या को लेकर एंबुलेंस चालकों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रामबदन को अवगत कराया। अधीक्षक ने मामले की जानकारी दूरभाष के माध्यम से उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री को दी। सूचना मिलने पर शुक्रवार दोपहर एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं और खड़ी एंबुलेंसों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ही उचित रास्ता निकाला जाएगा, ताकि एंबुलेंस सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अजय बहादुर सिंह, सतपाल सिंह सहित तहसील के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।











