
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर बाइक से स्टंटबाजी और दबंगई का प्रदर्शन करना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर पहचान कर कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेते हुए उसके खिलाफ निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की है। पुलिस की यह कार्रवाई “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन कर वीडियो बनाकर वायरल करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, जिसमें एक युवक मोटरसाइकिल से स्टंटबाजी करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करता दिखाई दे रहा था।
पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान निखिल वर्मा पुत्र बृजपाल सेठ, निवासी पुरानी कोतवाली, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में की। युवक की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
कोतवाली पुलिस ने 25 अगस्त 2026 को निखिल वर्मा को पुलिस हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी, दबंगई और गैंग संस्कृति का प्रदर्शन कर आमजन में भय या असुरक्षा का माहौल पैदा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक एवं साइबर प्रभारी सागर कुमार रंगू तथा कांस्टेबल नीरज कुमार शामिल रहे।











