मऊ
मोहम्मदाबाद गोहना पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार की शाम पुलिस उपाधीक्षक शीतला प्रसाद पांडे और कोतवाल कमलकांत वर्मा के नेतृत्व में वलीदपुर-जीयनपुर मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान उप निरीक्षक राजेश कुमार गौतम सहित पुलिस टीम ने चार पहिया वाहनों, बाइक सवारों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की। अभियान में तीन सवारी, बिना हेलमेट, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों के उल्लंघन के मामलों में 58 वाहनों का ई-चालान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट तथा बाइक सवार हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
अभियान के दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक मधुसूदन चौरसिया, क्राइम इंस्पेक्टर राजीव कुमार यादव, मिथिलेश कुमार, आदर्श दुबे, अनिल सिंह, लक्ष्मी प्रसाद उपाध्याय, रामदुलारे, छोटे लाल यादव सहित महिला उप निरीक्षक, महिला कांस्टेबल एवं अन्य पुलिसकर्मी विभिन्न चेकिंग स्थलों पर तैनात रहे।











