
मऊ, सोमवार। हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक Abbas Ansari की प्रतीकात्मक गुमशुदगी दर्ज करने की मांग को लेकर थाना सरायलखंसी प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। कार्यकर्ताओं ने विधायक की फोटो लगे पोस्टर हाथों में लेकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के दौरान हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद से विधायक लगातार क्षेत्र से गायब हैं। उन्होंने कहा कि मऊ सदर की जनता ने भारी समर्थन देकर उन्हें अपना जनप्रतिनिधि चुना था, लेकिन चुनाव के बाद से जनता को अपने विधायक के दर्शन तक नहीं हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, बिजली, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य और सफाई जैसी मूलभूत समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं हो रही है।एडवोकेट रामकृष्ण भारद्वाज ने कहा कि जनता को अपने जनप्रतिनिधि से सवाल पूछने और जवाब मांगने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि जनता यह उम्मीद करती है कि उसका विधायक समय-समय पर क्षेत्र में उपस्थित रहकर उनकी समस्याओं को सुने और समाधान कराए।प्रांतीय मंत्री रवि गुप्ता और अमित वर्मा ने आरोप लगाया कि मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता अपने विधायक की एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रही है।जिला महामंत्री रविशंकर गुप्ता और नगर अध्यक्ष रवि सोनी ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लगभग चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन विधायक की क्षेत्र में उपस्थिति बेहद कम रही है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।हिंदू जागरण युथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष आर्यन सिंह ने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन व्यापक जनसमर्थन जुटाकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेगा।
इस मौके पर राज श्रीवास्तव, योगेंद्र प्रजापति, आदित्य रंजन सिंह, गुड्डू सोनकर, कृष्णा गोंड, आकाश ठाकुर, कमलेश सिंह, बाके चौहान, रवि सैनी, राजकुमार मौर्य समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।










