
(मऊ)। घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला दरगाह मोड़ पर शुक्रवार को रोडवेज बस और बालू लदे ट्रेलर की टक्कर में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार मऊ से सोनौली जा रही रोडवेज बस संख्या यूपी 78 एचटी 3960 अमिला दरगाह मोड़ पर सड़क किनारे खड़ी कर सवारियां उतार रही थी। इसी दौरान बिहार से लाल बालू लादकर गोरखपुर जा रहा ट्रेलर संख्या बीआर 06 जीजी 6468 पीछे से बस में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि रोडवेज बस का दाहिना पिछला हिस्सा तथा ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
बस चालक राहुल कुमार निवासी कानपुर ने बताया कि वह बस रोककर यात्रियों को उतार रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रेलर ने टक्कर मार दी। वहीं ट्रेलर चालक दुर्गेश यादव निवासी गौरी बाजार, देवरिया ने आरोप लगाया कि बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार बस सड़क किनारे खड़ी थी और यात्री उतर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर पीछे से बस में टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी मची रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।











