प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज़ युवक हाई वोल्टेज टावर पर चढ़ा, घंटों चला ड्रामा
मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव स्थित पूर्वी फाटक के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपनी प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज़ होकर हाई वोल्टेज बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शाहपुर निवासी अवनीश मौर्य पुत्र संतोष मौर्य अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से आहत था। इसी नाराज़गी में वह बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही कोपागंज पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। बाद में सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों और पुलिस की समझाइश के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ।युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व भी युवक अपनी प्रेमिका को पाने की जिद में जहरीले पदार्थ का सेवन कर चुका था। वहीं युवती दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की निवासी है और उसका विवाह तय हो चुका है।
घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।











