
रानीपुर में अधेड़ पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
रानीपुर थाना क्षेत्र के भतड़ी गांव में शुक्रवार शाम मामूली विवाद के बाद एक अधेड़ पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी आनंद कुमार सिंह शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दबंगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।











