आपसी विवाद में दो पक्षों में मारपीट, तीन युवक घायल
मऊ। कोतवाली थाना क्षेत्र के बुलाकीपुरा नई बस्ती स्थित सैयद बाबा के स्थान के पास रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर बाग निवासी मोहम्मद आसिफ (17) पुत्र हयातुल्लाह सोमवार तड़के करीब एक बजे कहीं से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर आसिफ का बड़ा भाई मोहम्मद दानिश (22) मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहम्मद साकिब (18) पुत्र मोहम्मद मुर्तजा को भी हमलावरों ने पीट दिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार मोहम्मद आसिफ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











