
मऊ, 09 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 से 20 जून तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह तथा 21 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 21 जून को जनपद स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम अम्बेडकर पार्क, भुजौटी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को दरी, टेंट, पेयजल, ध्वनि विस्तारक यंत्र, चिकित्सा सुविधा, प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट एवं स्वच्छता व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 15 जून से 20 जून तक पूरे जनपद में योग सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान तहसील, विकासखंड, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न विभागीय कार्यालयों में नियमित योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा, जिन्हें आयुष विभाग के योग मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि योग सप्ताह का शुभारंभ पुलिस लाइन मऊ में उद्घाटन समारोह के साथ होगा, जिसमें मंत्री, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, तनाव मुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का प्रभावी माध्यम है। योग सप्ताह के दौरान व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं आयुष विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।











