
रानीपुर, मऊ। रानीपुर पुलिस ने धार्मिक स्थल से चोरी के मामले का खुलासा करते हुए राम जानकी मंदिर से हनुमान जी का मुकुट चोरी करने वाले मुख्य आरोपी संदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया सफेद धातु का मुकुट भी बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पाण्डेय एवं थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम वांछित अपराधियों और चोरी के माल की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंदिर से मुकुट चोरी करने वाला आरोपी शमशाबाद स्थित अपने घर के सामने सर्विस रोड पर मौजूद है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से दो टुकड़ों में सफेद धातु का मुकुट बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से मुकुट चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।











