
मऊ। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर जनपद में वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना रानीपुर की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वांछित अभियुक्तों की तलाश में रानीपुर बाजार में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी नीरज पासवान (21 वर्ष), निवासी खिरियां, थाना रानीपुर गांव जाने वाले मुख्य गेट के पास भागने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गिरफ्तारी के डर से भागने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना रानीपुर में मु.अ.सं. 87/2026 के तहत धारा 65(1), 352, 351(2) बीएनएस तथा 5एम/6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
– उपनिरीक्षक अख्तर अली
– कांस्टेबल राकेश कुमार गौड़
– कांस्टेबल वैभव तिवारी











