
मुहम्मदाबाद गोहना में व्यापारी कल्याण दिवस पर दानवीर भामाशाह को नमन, 25 व्यापारियों का सम्मान
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर मुहम्मदाबाद गोहना में दानवीर भामाशाह की जयंती व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन मोहल्ला सैदपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि भामाशाह का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समाज सेवा की अमूल्य मिसाल है। उन्होंने अपनी संपूर्ण संपत्ति मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित कर दी, जिससे महाराणा प्रताप अपनी सेना का पुनर्गठन कर स्वतंत्रता के संघर्ष को आगे बढ़ा सके। उन्होंने कहा कि आज के समय में भी भामाशाह के आदर्श समाज और व्यापारी वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना के 25 प्रमुख व्यापारियों एवं समाजसेवियों को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर ‘भामाशाह सम्मान’ से सम्मानित किया गया। समारोह में व्यापारियों और नगर के गणमान्य नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सराफा संघ मुहम्मदाबाद गोहना तथा व्यापार मंडल मुहम्मदाबाद गोहना का विशेष सहयोग रहा











