मऊ:
मुहम्मदाबाद गोहना साइबर ठगी के शिकार हुए एक व्यक्ति को थाना मुहम्मदाबाद गोहना की साइबर टीम ने राहत दिलाते हुए उसके खाते से ठगे गए 4 हजार रुपये वापस करा दिए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना एवं प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में की गई।
तुलसीपुर कुढवा निवासी उमेश यादव पुत्र जंगबहादुर ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से उनसे 4 हजार रुपये की ठगी कर ली है। शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना मुहम्मदाबाद गोहना की साइबर टीम ने मामले की जांच शुरू की।
उप निरीक्षक विकास कुमार, कांस्टेबल संजय गुप्ता, महिला कांस्टेबल प्रिया सिंह एवं महिला कांस्टेबल शालिनी मौर्य की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फ्रॉड की गई पूरी धनराशि 4 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी। अपनी रकम वापस मिलने पर उमेश यादव ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।











