
रानीपुर (मऊ)। रानीपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्रामसभा गोकुलपुरा में गुरुवार को नवनिर्मित भगवान भोलेनाथ मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा एवं धार्मिक अनुष्ठान के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में महिलाओं, युवतियों, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंदिर परिसर से विधि-विधान के साथ शुरू हुई कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए चंडिका माई मंदिर और काली माई मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।कलश यात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में पवित्र कलशों की स्थापना की गई। इसके पश्चात आचार्यों और पुरोहितों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्राण-प्रतिष्ठा एवं पूजा-अर्चना का अनुष्ठान प्रारंभ हुआ।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में भव्य शिव मंदिर के निर्माण से लोगों में काफी उत्साह है। आगामी दिनों में भंडारे और विशाल कीर्तन का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामसभा के युवाओं, ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











