
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर गुरुवार की शाम कस्बे में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया के नेतृत्व में कस्बे के आधा दर्जन प्रमुख चौराहों और मार्गों पर चेकिंग की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज न रखने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 28 दोपहिया वाहन चालकों का ई-चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
चेकिंग अभियान में क्राइम इंस्पेक्टर राजीव कुमार यादव, उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार, अरविंद कुमार यादव, राहुल यादव, आदर्श दुबे, अनिल सिंह, शिव नारायण, वैभव कुमार पांडेय, नूर आलम, राजेश कुमार गौतम, महिला उपनिरीक्षक प्रतिभा गुप्ता सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी अलग-अलग चेकिंग प्वाइंट पर तैनात रहे।
कैप्शन: “यातायात नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी, मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस की कार्रवाई जारी।”











