मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। वरहदपुर कुटी स्थित राम जानकी मंदिर के निकट मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2027 में 9 जनवरी से प्रस्तावित सात दिवसीय रामायण प्रवचन एवं रामायण पाठ के सफल आयोजन को लेकर रणनीति बनाई गई।बैठक को संबोधित करते हुए साइ सेवा संस्थान के अध्यक्ष तेजनाथ मौर्य एवं लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता ने बताया कि 9 जनवरी 2027 से राजन जी महाराज के श्रीमुख से सात दिवसीय रामायण प्रवचन एवं रामायण पाठ का आयोजन होगा। इसे भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए क्षेत्र के सभी गांवों, कस्बों और ब्लॉकों से जनसहयोग लेने की अपील की गई।तेजनाथ मौर्य ने कहा कि इस धार्मिक आयोजन की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से तन, मन और धन से जुटना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ने का आह्वान किया।बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर बाबा राम ज्ञानी दास महाराज, सूरज सिंह, द्वारपाल जायसवाल, संतोष सिंह, नीरज जैन, पंकज सिंह, युवराज, त्रिभुवन नारायण सिंह, अवधेश गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











