
नदवासराय, मऊ। प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ पखवाड़ा के तहत मंगलवार को कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा घोसी के पूर्व भाजपा विधायक एवं वर्तमान प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने वन विभाग के फॉरेस्ट रेंजर रविप्रकाश सिंह एवं सहयोगियों के साथ ग्राम पंचायत गंगूवाबारी में छोटी सरयू नदी तट पर स्थित अंत्येष्टि स्थल तथा ग्राम पंचायत तिघरा में स्थापित अंत्येष्टि स्थल परिसर में पौधरोपण किया।
इस दौरान दोनों स्थानों पर करीब दो-दो दर्जन फलदार पौधे लगाए गए। साथ ही अंत्येष्टि स्थल परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। पेड़-पौधों से जहां शुद्ध वातावरण और स्वच्छ हवा मिलती है, वहीं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में संतोष कुमार गोड़, ग्राम प्रधान सुरेश राजभर, अनिल चौहान, ग्राम प्रधान सीताराम चौहान, संतोष चौहान, त्रिलोकी राजभर, हरेंद्र निषाद, नेबुलाल, सत्येंद्र राजभर, रामप्रवेश राजभर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।











