
मऊ।मोहम्मदाबाद गोहना स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए लगाया गया समरसेबल पंप पिछले करीब 10 दिनों से खराब पड़ा है। इसके चलते प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर लगी पानी की टोटियां सूखी पड़ी हैं और यात्रियों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि समरसेबल पंप जल जाने की शिकायत रेलवे कर्मचारियों द्वारा पूर्व में संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन करीब 10 दिन बीत जाने के बाद भी पंप की मरम्मत नहीं हो सकी है। मंगलवार को स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों ने जब पानी पीने के लिए टोटियों का रुख किया तो वहां पानी उपलब्ध नहीं मिला।
भीषण गर्मी के बीच स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने से यात्रियों में नाराजगी है। यात्रियों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए खराब पड़े समरसेबल पंप को जल्द दुरुस्त कराने तथा स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है।











