
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस ने बढ़ाया छात्राओं का हौसला, आफिया, नंदनी और अंशिका को मिला पुरस्कार।
मऊ। घोसी रंगों के जरिए अपनी प्रतिभा और सोच को कागज पर उकेरने वाली छात्राओं को कम्पोजिट विद्यालय जामडीह में सम्मानित किया गया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता में स्थान हासिल करने वाली तीन छात्राओं को पुलिस अधिकारियों ने पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में कक्षा सात की आफिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा आठ की नंदनी दूसरे और कक्षा सात की अंशिका तीसरे स्थान पर रहीं। प्रभारी निरीक्षक रवींद्रनाथ राय, महिला उपनिरीक्षक ऋचा सोनी और जशोदा ने छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। छात्राओं की इस उपलब्धि ने विद्यालय परिवार का भी उत्साह बढ़ाया।
चित्रकला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकीं इन छात्राओं को इससे पहले ब्लॉक स्तर पर भी सम्मानित किया जा चुका है। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें फिर सम्मानित कर उनकी रचनात्मक क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और दूसरे विद्यार्थियों को भी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक ऋचा सोनी और जशोदा ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से सहायता लेने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को जागरूक रहने, अपनी बात बेझिझक रखने और विपरीत परिस्थितियों में हिम्मत से काम लेने के लिए प्रेरित किया। मिशन शक्ति के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को सुरक्षा और सम्मान के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया।
इस दौरान महिला कांस्टेबल पूनम, आरती और लता सहित अन्य पुलिसकर्मी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।











