
बुधवार शाम चार बजे तक मात्र तीन रजिस्ट्री, जमीन की खरीद-बिक्री कराने पहुंचे लोगों को करना पड़ा इंतजार।
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना स्थानीय उपनिबंधक कार्यालय में बुधवार सुबह से ही सर्वर फेल होने के कारण जमीन की खरीद-बिक्री कराने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तहसील क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से रजिस्ट्री कराने आए क्रेता और विक्रेता दिनभर अपने काम के पूरा होने का इंतजार करते रहे। सर्वर की समस्या के चलते बुधवार शाम चार बजे तक कार्यालय में मात्र तीन रजिस्ट्री ही हो सकीं।
कार्यालय में रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोग इस उम्मीद में बैठे रहे कि सर्वर ठीक होने के बाद उनका काम पूरा हो जाएगा, लेकिन समस्या दूर नहीं होने से उन्हें निराशा का सामना करना पड़ा। वहीं, उपनिबंधक कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी भी सर्वर की समस्या के चलते परेशान नजर आए।
कार्यालय के कर्मचारियों के अनुसार, यहां आए दिन सर्वर फेल होने की समस्या सामने आती है। कभी ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया बाधित हो जाती है, तो कभी आधार कार्ड से संबंधित सर्वर काम नहीं करता। इसके कारण रजिस्ट्री की प्रक्रिया प्रभावित होती है और क्रेता-विक्रेताओं को अनावश्यक रूप से इंतजार करना पड़ता है।
सर्वर की लगातार बनी रहने वाली समस्या के कारण जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों का समय बर्बाद हो रहा है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में लोग अपने जरूरी काम के लिए कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।











