मैनपुरी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा पीसीएस-2023 परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस कड़ी में मैनपुरी की प्रतिभाशाली अभ्यर्थी पूजा मिश्रा के घर जश्न का माहौल है। उनके मैनपुरी पहुंचने पर परिजनों और शुभचिंतकों ने जोरदार स्वागत किया।
शादी के बाद शुरू की तैयारी, पाई सफलता
मीडिया से बातचीत में पूजा मिश्रा ने बताया कि उन्होंने शादी के बाद अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की। वह लखनऊ में रहकर लगातार तीन वर्षों तक मेहनत करती रहीं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, ससुराल पक्ष और खासकर अपने पति को दिया।
उन्होंने कहा कि परिवार ने उन्हें घरेलू जिम्मेदारियों से दूर रखकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने का मौका दिया, जिसकी बदौलत आज यह मुकाम हासिल हुआ।
बेटियों को दिया प्रेरणादायक संदेश
पूजा मिश्रा ने अन्य लड़कियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही बेटियों को संदेश देते हुए कहा कि
“कभी भी हार नहीं माननी चाहिए। आत्मविश्वास और परिवार का सहयोग सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।”
उन्होंने समाज के पुरुष वर्ग—पिता, भाई और पति—से अपील की कि वे महिलाओं के सपनों को समझें और उन्हें आगे बढ़ने में सहयोग करें।
पति बोले— “जीरो से शुरू किया सफर”
पूजा के पति शरद कुमार ने अपनी पत्नी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा,
“हमने यह सफर बिल्कुल जीरो से शुरू किया था। आज सफलता मिलने के बाद पुरानी परेशानियां छोटी लग रही हैं। अगर महिलाओं को सही माहौल मिले, तो वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।”
सम्मान समारोह में जुटे लोग
इस अवसर पर जय सिंह कश्यप, कुलदीप किशोर, दीपेंद्र कश्यप, सुभाष, सतीश चंद्र, हृदेश कश्यप, विवेक राजपूत, जहान सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और पूजा मिश्रा को शुभकामनाएं दीं।










