
मऊ में आज आम आदमी पार्टी ने स्मार्ट मीटर, गलत बिजली बिलिंग और बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में जिला विद्युत उपकेंद्र पर सैकड़ों कार्यकर्ता, किसान, बुनकर, व्यापारी, महिलाएं और युवा पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर को “स्मार्ट चीटर” बताते हुए विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के प्रतीकात्मक पुतले का दहन करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से खुली लूट की जा रही है और गलत बिलिंग से गरीब, किसान, मजदूर व बुनकर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा गया, जिसमें स्मार्ट मीटर परियोजना की जांच और गलत बिलिंग रोकने की मांग की गई।










