
रानीपुर। रानीपुर ब्लॉक परिसर में सोमवार को पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ के विभिन्न पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारी जयराम प्रसाद की देखरेख में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष पद पर साधुराम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीन देव कुमार को मात्र दो मतों से हराकर जीत दर्ज की।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में कुल 224 मतदाताओं में से 223 ने मतदान किया। एक मत अवैध घोषित किया गया। मतगणना में साधुराम को 112 मत मिले, जबकि दीन देव कुमार को 110 मत प्राप्त हुए। इस तरह साधुराम ने दो मतों के अंतर से विजय हासिल की।
इसके अलावा अन्य चार पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। रविंद्र कुमार को ब्लॉक महामंत्री, रजक कुमार को ब्लॉक कोषाध्यक्ष, महेंद्र राजभर को ब्लॉक संगठन मंत्री तथा रामदुलारे को ब्लॉक सम्प्रेक्षक चुना गया।
चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। रानीपुर पुलिस की टीम पूरे समय मौके पर तैनात रही।
विजय के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया। साथ ही चुनाव अधिकारी और प्रशासन का निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया।










