
मऊ: परडी गांव में जल शक्ति मिशन की टंकी अधूरी, ग्रामीणों को पेयजल संकट
मऊ, रानीपुर ब्लॉक। ग्राम पंचायत परडी में जल शक्ति मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य में देरी के चलते ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की गलियों की खुदाई की गई थी, लेकिन बाद में मरम्मत कार्य ठीक से नहीं किया गया। घरों तक पाइप कनेक्शन तो दे दिए गए, लेकिन मुख्य पानी की टंकी का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे योजना का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं, क्षेत्र के कई अन्य गांवों में टंकी निर्माण पूर्ण होकर जल आपूर्ति शुरू हो चुकी है, लेकिन परडी गांव के लोग अभी भी वंचित हैं।
गांव के शुभावती, योगेश सिंह, विजय राम, अजय और वीरेंद्र सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्य पूरा कराने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में जल शक्ति मिशन के अधिकारी शम्भू चौधरी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और शीघ्र ही समस्या का समाधान किया जाएगा।











