
बारात से लौट रहे युवक पर हमला, दाहिना हाथ टूटा, मुकदमा दर्ज
मऊ थाना क्षेत्र रानीपुर के ग्राम सादीपुर में बारात से लौट रहे एक युवक पर कुछ लोगों द्वारा रास्ता रोककर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका दाहिना हाथ टूट गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सादीपुर निवासी रवि सरोज 12 मई की रात दरौरा से मड़सरा बुजुर्ग बारात में शामिल होकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान शमशाबाद पोखरे के पास कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और अचानक हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार अरविंद सरोज, अमन सरोज, राहुल सरोज सहित 5 से 6 लोगों ने उसे बाइक से गिराकर लाठी-डंडा और रॉड से जमकर मारपीट की। हमले में उसका दाहिना हाथ टूट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। साथ ही आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रानीपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।











