MAU मुहम्मदाबाद गोहना
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रविवार को क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडे ने टाउन इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज सहित रानीपुर व चिरैयाकोट क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीओ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की हाजिरी जांची और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अभ्यर्थी को बिना प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की जांच के परीक्षा केंद्र में प्रवेश न दिया जाए।
सीओ ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
दो पालियों में आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नकल या अव्यवस्था फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











