
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बदहाल नजर आ रही है। बुधवार को मीडिया द्वारा की गई पड़ताल में कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्लेटफार्म नंबर-1 पर यात्रियों के लिए लगाए गए पानी के नल पूरी तरह शोपीस बने हुए हैं। अधिकांश टोटियों से पानी की एक बूंद भी नहीं निकल रही है, जबकि कई टोटियां टूटी हुई हैं। इसके अलावा शौचालय का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त पाया गया। स्टेशन परिसर में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप भी खराब अवस्था में पड़ा हुआ है।
वहीं प्लेटफार्म नंबर-2 की स्थिति भी कुछ बेहतर नहीं है। यहां से मऊ, आजमगढ़ और अन्य महत्वपूर्ण रूटों की कई ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन यात्रियों के लिए कहीं भी प्याऊ की व्यवस्था नहीं है। प्लेटफार्म पर लगी पानी की टोटियां भी बंद पड़ी हैं और कई स्थानों पर टूट-फूट का शिकार हैं।
बुधवार को गोदान एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंचने के दौरान कई यात्री पानी भरने के लिए नलों के पास पहुंचे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। यात्रियों का कहना था कि रेलवे सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे तो करता है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत दिखाई देती है।
स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर लगे कई बल्ब खराब पड़े हैं। इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर-1 और 2 पर लगी कई स्ट्रीट लाइटें भी बंद हैं, जिससे रात के समय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद स्टेशन पर पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। मजबूरन यात्रियों को बोतलबंद पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। वहीं प्लेटफार्म नंबर-1 पर लगा वाटर कूलर भी लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि दोनों प्लेटफार्मों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त कराया जाए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।











