
📱 कोपागंज पुलिस की बड़ी सफलता: गुम हुआ ₹18,499 का मोबाइल बरामद, मालिक को सौंपा
कोपागंज (मऊ)। पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड एवं गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत थाना कोपागंज पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। साइबर टीम ने गुम हुए सैमसंग मोबाइल फोन को बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के जहनियापुर निवासी अंकित राजभर का Samsung कंपनी का मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था। मोबाइल की अनुमानित कीमत 18,499 रुपये बताई गई है। मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ित ने थाना कोपागंज में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से मदद की मांग की थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र सिंह तथा थाना प्रभारी कोपागंज रोहन राकेश सिंह के निर्देशन में साइबर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। तकनीकी जांच एवं अथक प्रयासों के बाद टीम ने मोबाइल को खोज निकाला और सही हालत में बरामद कर उसके मालिक अंकित राजभर को सुपुर्द कर दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर अंकित राजभर ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है











