
🚨 कोपागंज (मऊ): जनपद मऊ की कोपागंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कस दिया। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने दो पिकअप वाहनों को कुर्क कर राज्य सरकार के पक्ष में जब्ती की कार्रवाई की। कुर्क संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 9.30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार और क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रोहन राकेश सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना दोहरीघाट में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अनुज कुमार यादव (निवासी बलिया) के कब्जे से अशोक लेलैंड दोस्त पिकअप तथा विजय कुमार (निवासी बलिया) के कब्जे से महिंद्रा बोलेरो पिकअप को कुर्क किया गया। जांच में इन वाहनों के अपराध से अर्जित धन से खरीदे जाने का आरोप है।
कुर्क किए गए वाहनों में अशोक लेलैंड दोस्त पिकअप की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये और महिंद्रा बोलेरो पिकअप की कीमत 8.50 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों वाहनों को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क कर दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवमान सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष सिंह, कांस्टेबल मार्कण्डेय मिश्र तथा कांस्टेबल हिमांशु कुमार यादव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।











