
🟦 मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)
न्यूनतम नामांकन वाले विद्यालयों में प्रवेश बढ़ाने की मुहिम, बीईओ ने अभिभावकों से किया जनसंपर्क
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना के न्यूनतम नामांकन वाले 20 प्राथमिक विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी ओपी तिवारी ने ग्राम सभा नगदोपुर में अभिभावकों से जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में शासन द्वारा संचालित विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने का आग्रह किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, ड्रेस, छात्रवृत्ति, पाठ्यपुस्तक, मध्यान्ह भोजन सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि नामांकन के बाद बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे अभिभावकों के खातों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त कार्मिकों के साथ शिक्षक राजेश कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, अमित यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











