
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत 2017’ थीम पर मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र, मोहम्मदाबाद गोहना में किया गया। प्रतियोगिता में एनपीआरसी स्तर पर चयनित 30 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय महपुर की छात्रा सिमरन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कंपोजिट विद्यालय मोहम्मदाबाद गोहना-2 की छात्रा दिशा पटवा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से आदर्श विद्यालय मोहम्मदाबाद गोहना के आबू साद शेख तथा कंपोजिट विद्यालय हाफिजपुर की नेहा विश्वकर्मा रहीं। विजेता छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रतीक जायसवाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। प्रतिभावान विद्यार्थी शिक्षा के साथ विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर तहसील, जिला और मंडल का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में नोडल के रूप में पवन कुमार गुप्ता, मदन कुमार, आकाश तिवारी, हिमांशु, विक्रम सिंह, राजेश कुमार, स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, उषा मौर्य, प्रवीण कुमार सिंह समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के निर्देशन में हुआ। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।











