
मऊ। मोहम्मदाबाद गोहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद गोहना में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) की टीम ने अपनी नौ सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर अधीक्षक डॉ. फैयाज अहमद को मांगपत्र सौंपा। CHO यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेशभर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी गुरुवार से लखनऊ स्थित ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरने में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।
CHO की प्रमुख मांगों में पीबीआई को मूल मानदेय में समाहित कर समयबद्ध भुगतान, 60 हजार रुपये मानदेय अथवा 4800 ग्रेड पे के समकक्ष वेतनमान, पारदर्शी वार्षिक स्थानांतरण नीति, पृथक CHO कैडर एवं नियमितीकरण, डीए-एचआरए, कैशलेस उपचार, एक करोड़ रुपये का बीमा कवर, सेवा अवधि के आधार पर वेटेज अंक तथा अर्जित अवकाश (EL) शामिल हैं।
इस दौरान CHO टीम ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। शासन स्तर से लिखित एवं समयबद्ध आश्वासन मिलने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई व्यवस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए है। CHO ने मुख्यमंत्री से मांगों पर शीघ्र वार्ता कर समाधान किए जाने की अपील की।
धरने में शामिल होने वाले CHO में जय गोबिंद, अखिलेश कुमार, सुशील प्रजापति, रंजना यादव, प्रीति यादव, नीलम, प्रतिभा कुमारी, पूजा सिंह और मोनिका चौहान शामिल हैं।











