
मऊ। ब्लॉक संसाधन केंद्र मोहम्मदाबाद गोहना में मंगलवार को संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी की मौजूदगी में कंपोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. फैयाज अहमद ने शिक्षकों को दवा के छिड़काव, स्वच्छता एवं साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विद्यालयों और उनके आसपास स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि विद्यालय परिसर या आसपास कहीं भी गड्ढों में पानी जमा न होने दें। पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है, जिससे विभिन्न संक्रामक रोग फैलने की आशंका रहती है। उन्होंने समय-समय पर ब्लीचिंग पाउडर एवं अन्य आवश्यक दवाओं का छिड़काव कराने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रवीण यादव, अविनाश सिंह, सर्वेश सिंह, मोहम्मद आमिर, जयप्रकाश यादव, रितेश कुमार राय सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।











